मध्यप्रदेश पुलिस के 277 अधिकारी-कर्मचारियों को डीजीपी प्रशस्ति रोल से किया सम्मानित

मध्य प्रदेश

डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कहा- अच्छे कार्यों का पुरस्कार तत्काल मिलना चाहिए, इससे पुलिसकर्मियों का बढ़ता है मनोबल
भोपाल । मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण को सम्मानित करने के लिए शुक्रवार को आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी में पुलिस महानिदेशक की प्रशस्ति रोल (DGCR) अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 277 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति रोल प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में डीजीपी कैलाश मकवाणा ने कहा कि वर्दीधारी सेवाओं में पुरस्कार और दंड व्यवस्था का विशेष महत्व है। अच्छे कार्यों का पुरस्कार तत्काल मिलना चाहिए, जबकि लापरवाही और अनियमितता पर जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जानी चाहिए। समय पर सम्मान मिलने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने पुलिस इकाई प्रमुखों से अधीनस्थों के अच्छे कार्यों को पहचानकर तत्काल पुरस्कार प्रस्ताव भेजने को कहा।
नक्सल विरोधी अभियान में योगदान की सराहना
डीजीपी ने नक्सल विरोधी अभियान में पुलिस बल के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2025 इस दिशा में ऐतिहासिक रहा। कठिन परिस्थितियों में अभियानों का नेतृत्व करने वाले हॉक फोर्स के जवानों की भी उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि 11 दिसंबर 2025 को मध्यप्रदेश को आधिकारिक रूप से नक्सल मुक्त घोषित किया गया।
पुलिस व्यवस्था में तकनीकी बदलाव
उन्होंने डायल-112 सेवा के आधुनिकीकरण, 1200 नए वाहनों की तैनाती, ई-ऑफिस और ई-HRMS के माध्यम से पुलिस व्यवस्था के डिजिटलीकरण का उल्लेख किया। ई-HRMS से एक लाख से अधिक पुलिसकर्मियों के सेवा रिकॉर्ड डिजिटल किए गए हैं। वहीं, पिछले दो वर्षों में 19 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती या चयन प्रक्रिया आगे बढ़ी है। विभिन्न रैंकों के लगभग 28 हजार पुलिसकर्मियों को पदोन्नति भी दी गई।
डीजीपी ने नशे और साइबर अपराध के खिलाफ समन्वित कार्रवाई पर जोर देते हुए नशे से दूरी है जरूरी अभियान तथा ई-जीरो एफआईआर व्यवस्था का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि साइबर शिकायतों में ई-जीरो एफआईआर की सीमा एक लाख रुपये से घटाकर 25 हजार रुपये की गई है।
विशेष पुलिस महानिदेशक प्रशासन आदर्श कटियार ने बताया कि प्रशस्ति रोल सम्मान की शुरुआत वर्ष 2002 में हुई थी और यह वर्ष में दो बार प्रदान किया जाता है। अब तक 915 पुलिसकर्मियों को यह सम्मान मिल चुका था। शुक्रवार को 277 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित किए गए। समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्रीनिवास वर्मा, एडीजी इंटेलिजेंस अंशुमान सिंह सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न इकाइयों के पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।