(भोपाल) कमलनाथ पेश करेंगे सरकार बनाने का दावा -दोपहर 12 बजे मिलेंगे राज्यपाल से

ताज़ा खबर

भोपाल(ईएमएस)। मध्‍य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्‍कर देखने को मिली है। चुनाव परिणाम आने के साथ ही कांग्रेस 114 सीटें लेकर सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने देर रात राज्यपाल को सरकार बनाने का दावा पेश करने हेतु मिलने का समय मांगा था जिसके बाद राज्यपाल ने उन्हें आज दोपहर 12 बजे मिलने का समय दे दिया है। आज दोपहर कमलनाथ पांच लोंगों के साथ राज्यपाल से मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
मध्य प्रदेश विधानसभा की सभी 230 सीटों के परिणाम आ चुके हैं। परिणामों के अनुसार कांग्रेस पार्टी को 114, भाजपा को 109, बसपा को 2, समाजवादी पार्टी को 1 सीट और 4 निर्दलीय चुनाव जीते हैं। देर रात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने राज्‍यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलकर राज्‍य में सरकार बनाने का दावा पेश करने की बात कही। कमलनाथ ने राज्यपाल के नाम पत्र लिख सरकार बनाने का दावा पेश किया और कहा कि वो विधानसभा में अपनी पार्टी का बहुमत साबित करेंगे। बताया जा रहा है कि कमलनाथ को राज्यपाल से समय मिल गया है और वो बुधवार दोपहर 12 बजे पांच लोंगों के साथ ही राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस का दावा है कि उनके साथ 3 निर्दलियों समेत बसपा के 2 और सपा का 1 सदस्य है। इन्हें मिलाकर कांग्रेस 120 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत के आंकड़े को पार कर जाती है। गौरतलब है कि कांग्रेस के तमाम जिम्मेदार नेता किसी गड़बड़ी या अनहोनी के अंदेशे के चलते पूरी रात राजधानी की सियासी शतरंज पर बारीक नजर जमाए हुए थे।

-पीसीसी में सुबह से लगा नेताओं का जमावड़ा
प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी कांग्रेस के सरकार बनाने के दावे के साथ ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नेताओं का जमावड़ा लगना शुरु हो गया। पुलिस ने भी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए हैं। इससे समझा जा रहा है कि बहुत जल्द कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए राज्यपाल के यहां से आमंत्रण मिल सकता है। यही वजह है कि जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के निवास पर नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा होनी शुरु हो गई तो वहीं अल सुबह से ही नेताओं ने पीसीसी का रुख करना शुरु कर दिया।
हिदायत12/12/18ईएमएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *