अमरीका के स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय में बिहार पर शोध : सुशील

ताज़ा खबर

पटना 15 दिसंबर (वार्ता) बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज बताया कि अमेरिका के स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय में राज्य के मातृत्व एवं नवजात शिशु के पोषण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में पिछले वर्षों हुये उल्लेखनीय कार्यों का अध्ययन कर रहे हैं ताकि विश्व के अन्य देश बिहार के प्रयोगों का अनुसरण कर सकें।
अमेरिका की यात्रा पर गये श्री मोदी ने यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि बिहार के लिए गर्व का विषय है कि स्टेनफोर्ड विश्विद्यालय में छह से अधिक शोधकर्ता बिहार के मातृत्व एवं नवजात शिशु के पोषण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में पिछले वर्षों हुये उल्लेखनीय कामों का अध्ययन कर रहे हैं ताकि विश्व के अन्य देश बिहार के प्रयोगों का अनुसरण कर सकें।
श्री मोदी ने बताया कि बिहार में एएनएम तथा नर्सों के प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘अमानत’ सहरसा जिले में पांच सौ से ज्यादा आशा कार्यकर्ताओं द्वारा मोबाइल एेप द्वारा गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशु की ट्रैकिंग, जीविका की दीदियों द्वारा स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में किये गए कार्य, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम द्वारा मातृत्व, शिशु स्वास्थ्य एवं शिशु पोषण की पहल का बिहार में मातृत्व एवं शिशु मृत्यु दर, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, सुरक्षित प्रसव पर हुए व्यापक प्रभाव का अध्ययन किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि स्टेनफोर्ड विश्वविद्यालय इन अध्ययनों को बहुत जल्द सार्वजनिक करेगा ताकि भारत के अन्य पिछड़े राज्यों तथा दुनिया के अनेक गरीब देशों में बिहार की सफलता की कहानी दुहरायी जा सके।
सूरज सतीश
वार्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *