प्रदेश अध्यक्ष ने बिरमावल में कहा जनता अब कांग्रेस के कुत्प्रयासों को समझ चुकी है
रतलाम(ईएमएस)। कांग्रेस और दिग्विजय सिंह ने भगवा को आतंक से जोड़ने का पाप किया है। कांग्रेस ने हिन्दुत्व को बदनाम करने का काम किया है, हिन्दुत्व को आतंक से जोड़ा है। भगवा हमारा सनातनी परंपरा है, लेकिन कांग्रेस और दिग्विजय सिंह ने उस संस्कृति को भगवा आतंक की परिभाषा गढ़कर कलंकित और लांछित करने का प्रयास किया है। जागरूक जनता अब कांग्रेस के कुत्प्रयासों को समझ चुकी है। भगवा को बदनाम करने वालो को जनता जरूर जवाब देगी। यह बात पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने रतलाम जिले के बिरमावल में आयोजित जनसभा में कही।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह बुधवार को मनावर, अलीराजपुर और बिरमावल चुनाव प्रचार पर थे। बिरमावल में झाबुआ- रतलाम लोकसभा प्रत्याशी जी एस डामोर के समर्थन में प्रदेश अध्यक्ष ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 19 मई को आप एक वोट से न सिर्फ अपना सांसद चुनेंगे बल्कि देश मे एक बार फिर सशक्त ओर मजबूत सरकार भी चुनेगें।
जनता अब कांग्रेस के झूठे वादों में नही आने वाली
राकेश सिंह ने कहा कि झूठ बोलकर सत्ता हासिल करने का कांग्रेस का इतिहास रहा है। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने किसानों से कर्जमाफी और युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था। लेकिन सत्ता हासिल करने के बाद कांग्रेस ने न तो किसानों का कर्जमाफ किया और न ही युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया है। कांग्रेस के झूठ को जनता पूरी तरह समझ चुकी है। लोकसभा चुनाव में अब कांग्रेस न्याय योजना के नाम पर फिर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है लेकिन जनता इनके झांसे में अब नहीं आने वाली।
तीन दर्जन लोग भाजपा में शामिल
बिरमावल में सभा के पश्चात राकेश सिंह के समक्ष तीन दर्जन से अधिक लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपना विश्वास व्यक्त किया। सभा में बडी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।
हरि प्रसाद पाल / 15 मई, 2019