इन्दौर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोकेश कुमार जाटव के निर्देशानुसार आज होलकर साइंस कॉलेज में 600 से अधिक मतगणना कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर्स ने मतगणना कर्मचारियों को बताया कि ईवीएम से पहले डाक मतपत्रों को गणना होगी। सभी कर्मचारियों को सुबह 07 बजे नेहरू स्टेडियम पहुंचना है। कर्मचारियों को अपने साथ चुनाव आयोग द्वारा जारी फोटोयुक्त परिचय पत्र और नियुक्ति पत्र साथ में लाना है। मतगणना से पूर्व सहायक रिटर्रिंग ऑफिसर द्वारा मतगणना शुरू करने की घोषणा की जायेगी और मतगणना कर्मचारियों को गोपनीयता की शपथ दिलाई जायेगी। मतगणना के दौरान ईवीएम, डाक मतपत्र, ईटीपीबीएस (इलेक्ट्रोनिकली ट्रास्मिटेड पोस्टल बैलेट) और हर विधानसभा की 5-5 वीवीपैट की गणना की जायेगी। गणना विधानसभावार होगी। परिणाम एकीकृत घोषित किये जायेगे। धार लोकसभा क्षेत्र में अम्बेडकर नगर महू विधानसभा क्षेत्र की गणना भी इंदौर में ही होगी।
मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि आगामी 23 मई 2019 को प्रात: 8 बजे से नेहरू स्टेडियम में लोकसभा निर्वाचन-2019 की मतगणना शुरू होगी। मतगणना कंट्रोल यूनिट से की जायेगी। हर विधानसभा क्षेत्र की 14-14 गणना टेबल लगाई जायेगी। इंदौर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 8 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। मतगणना स्थल में मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना कर्मियों पर निगरानी रखने के लिए काउंटिंग सुपरवाइजर और काउंटिंग असिस्टेंट भी होगें। माईक्रो आब्जर्वर भी मतगणना पर निगरानी रखेगें। मतगणना लगभग 12 राउंड होगी। कोई भी दिक्कत आने पर सहायक रिटर्रिंग ऑफिसर से मार्गदर्शन लिया जा सकता है। नेहरू स्टेडियम पहुंचने के बाद मतगणना कर्मियों का रेण्डमाइजेशन किया जायेगा और विधानसभावार ड्यूटी लगाई जायेगी। प्रत्येक व्यक्ति के लिए टेबल निर्धारित होगी। उसी पर काम करना है। मतगणना से पूर्व कंट्रोल यूनिट की जांच करना जरूरी है। अम्बेडकर नगर महू के डाक मतपत्रों की गणना भी नेहरू स्टेडियम में ही अलग से की जायेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में मास्टर ट्रेनर्स और मतगणना कर्मी मौजूद थे।
उमेश/पीएम/15 मई 2019