महिला ने फांसी लगाने से पहले बहन को बताया

नई दिल्ली | बुराड़ी इलाके में मंगलवार रात एक महिला ने पहले अपनी बहन को फोन पर जान देन की जानकारी दी और फिर फांसी पर लटक गई। मृतका की पहचान 32 वर्षीय कोमल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कोमल अपने पति मोनू के साथ संत नगर इलाके में रहती थी। दोनों को एक-दूसरे के चरित्र पर शक था। इसलिए आए दिन उनमें विवाद होता रहता था। इसी वजह से कोमल ने अपने बच्चों को मल्कागंज स्थित मायके भेज दिया था। वहीं, बीच बचाव के लिए उसकी बहन रितू इनके साथ संत नगर में रह रही थी। मंगलवार रात को मोनू शराब के नशे में घर आया था। इसके बाद दंपति एक-दूसरे के चरित्र पर लांछन लगाते हुए फिर विवाद करने लगे। थोड़ी देर बाद मोनू घर से बाहर चला गया और रितू दूसरे कमरे में चली गई। इसी दौरान कोमल ने सदर बाजार में रहने वाली अपनी बहन को फोन कर आत्महत्या करने की जानकारी दी और फिर चुन्नी के सहारे फंदा लगाकर झूल गई।