तेल लगाना

                               साथियों !, तेल का हमारे-आपके जीवन में बहुत बड़ा योगदान है। यह आपकी सोयी हुई किस्मत को भी जगा सकता है। तेल का भोजन पकाने से लेकर लगाने तक के अनगिनत फायदे हैं। सच कहें तो ‘तेल लगाना’ अर्थात ‘तेल मालिश’ और ‘मक्खन पॉलिश’ एक बेहतरीन कला है। यदि आपको तेल लगाना अच्छे से आता है, आप अच्छा तेल लगा लेते हैं तो आपको जीवन में कभी कोई परेशानी आने वाली नहीं है, और यदि आप तेल लगाने की कला से अपरिचित हैं कि कब कैसे तेल लगाना चाहिए अर्थात आपको तेल लगाना नहीं आता है तो आपको हर जगह दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। 

        आयुर्वेद और ज्योतिष शास्त्र में भी तेल लगाने का वर्णन मिलता है। आयुर्वेद के अनुसार सोमवार को शरीर में तेल लगाने से सम्मान, बुधवार को तेल लगाने से धन प्राप्ति, और शनिवार को तेल लगाने से सुख की प्राप्ति होती है। वैज्ञानिक दृष्टि से भी इसके कई फायदे बताए गए हैं। दुम में तेल लगाना सबके बस की बात नहीं है, क्योंकि इसके लिए पहले ‘मक्खन पॉलिस’ नामक कोर्स करना पड़ता है जिसके लिए जरूरी योग्यता है ‘बातें बनाना’। कुछ लोग तेल लगाने की कला में इतने माहिर हो जाते हैं कि वो फिर  ‘जड़ों में तेल देना’ सीख जाते हैं और समूल नष्ट करने का प्रयत्न करने लगते हैं, लेकिन उनको यह पता नहीं होता कि हर तिल से तेल नहीं निकलता। कुछ लोगों का तो हाल ऐसा है कि वो ‘खरी में से तेल’ निकालने की जुगाड़ में परेशान रहते हैं और ऐसा करते करते उनका खुद का तेल निकल जाता है।

     तेल का इतनी जगह प्रयोग होने से ही लगता है कि  तेल की कीमत इतनी बढ़ती जा रही हैं चाहे वह मोटर वाहन का तेल हो या खाद्य तेल, सबकी कीमत आसमान छू रही है। दीपावली दीपों का त्योहार है इस दिन रावण का वध करके भगवान राम अयोध्या धाम लौटे थे और नगरवासियों ने घी के दीप जलाकर उनका स्वागत और खुशी का इजहार किया था। बढ़ती मंहगाई में अब घी तो खाने को भी नसीब नहीं होता तो जलाने को कहाँ से मिलेगा? उसकी बढ़ी कीमत अब उल्टे लोगों को जला रही है। घी का विकल्प तेल ही था जो अब यह भी दुर्लभ होता जा रहा है। कहने वाले तो यह भी कहते हैं कि अभी क्या है? देखते जाओ-‘तेल देखो और तेल की धार देखो’। 

       तेल लगाना कैसे संभव, खाने को न तेल है।

      अच्छे दिन आ जाएंगे, या बातों का खेल है।?

                   ✍️अमर सिंह राय (शिक्षक)

                            नौगांव, मध्यप्रदेश

                             9425342534