भूपेन्द्र पटेल ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा 12 दिसंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण

गांधीनगर | गुजरात में रिकार्डतोड जीत के बाद भाजपा ने अब राज्य में नई सरकार बनाने की दिशा में कवायद तेज कर दी है| भूपेन्द्र पटेल ने आज मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा राज्यपाल आचार्य देवव्रत को सौंप दिया| भूपेन्द्र पटेल ने नई सरकार के गठन को लेकर अपने मंत्रिमंडल समेत इस्तीफा दिया है| आगामी 12 दिसंबर को गुजरात में नई सरकार शपथ ग्रहण करेगी| उससे पहले नई सरकार के गठन को लेकर कवायद तेज हो गई है| शपथ ग्रहण समारोह को लेकर गांधीनगर में जोरदार तैयारियां शुरू हो गई हैं| गुजरात विधानसभा के पीछे हेलीपेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण होगा| शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह उपस्थित रहेंगे| इसके अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केन्द्रीय मंत्रिमंडल के कई सदस्य भी शामिल हो सकते हैं| बता दें कि गुजरात विधानसभा के 2022 के चुनाव में भाजपा ने 156 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है| गुजरात में पहली बार किसी पार्टी को इतनी बड़ी सफलता मिली है| इससे पहले 1985 में माधवसिंह सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस ने 149 सीटें जीती थीं| भाजपा ने 156 सीटें जीतकर माधवसिंह सोलंकी का रिकार्ड ध्वस्त कर दिया है| वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा ने 99 सीटों पर जीत दर्ज की थी और 2022 में 156 सीटों पर विजय हासिल की है| 27 वर्षों के शासन के बाद इतना प्रचंड बहुमत हासिल करना कोई आसान बात नहीं है| लेकिन भाजपा ने इसे कर दिखाया है|