योग दिवस का वातावरण बनाने में जुटा शहर
जबलपुर । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस २१ जून के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये जगह-जगह योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित कर योग दिवस के वातावरण निर्माण की गतिविधियाँ की जा रही है। योगाभ्यास कार्यक्रम में बच्चे, युवा व प्रबुद्धजन उत्साह से भाग लेकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक, भव्य व यादगार बनाने का संकल्प ले रहें है। उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम संस्कारधानी जबलपुर में होना नियत किया गया है। जिसमें भारत के उपराष्ट्रपति शामिल होंगे। योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम गैरीसन ग्राउंड में आयोजित होगा। जहाँ १५ हजार योगाभ्यासी एक साथ सुबह ६ बजे से भाग लेंगे। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण ८० देशों में किया जायेगा। अत: कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये पहले से योग ट्रेनिंग शुरू कर दी गयी है। ताकि योग का अच्छा प्रदर्शन किया जा सके। मुख्य कार्यक्रम के अलावा नगर निगम के ५० जगहों तथा ऐतिहासिक व पर्यटन स्थल मदन महल, भेड़ाघाट, ग्वारीघाट, रानीताल, आईजी ग्राउंड आदि स्थानों पर योग का कार्यक्रम किया जायेगा। इसके साथ साथ महाविद्यालयों के मैदानों पर भी योग क्रियाऐं सुनिश्चित की जावेगी। स्पेशल ग्रुप के लिये भी योग का कार्यक्रम होगा। जिसमें दिव्यांग, ट्रांसजेंडर, कैंसर व थैलेसीमिया के लोग शामिल होंगे। इसके साथ आर्मी व होमगार्ड के जवानों को भी शामिल करने की कार्ययोजना हैं। इस प्रकार सम्पूर्ण योग कार्यक्रम में डेढ़ लाख लोगों को शामिल किया जायेगा। कार्यक्रम के सफलता के लिये जिला प्रशासन द्वारा आग्रह किया गया है कि योग विधा का निरंतर अभ्यास करें और उसमें पारंगत हों, ताकि बेहतर प्रदर्शन हो सके। योग कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये कलेक्टर की भेंट वार्ता का प्रसारण रविवार सुबह ७.२० से ८ बजे के बीच आकाशवाणी जबलपुर से किया गया।