इन्दौर । भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि 45 साल पहले इन्दौर के श्रमिक क्षेत्र में कांग्रेस के गुंडों का आंतक रहता रहता था। दूसरे दलों के कार्यकर्ता चुनाव में छुपकर पर्चियां बांटते थे। हर दूसरे-तीसरे दिन हत्याएं होती थी, लेकिन फिर हमारी टीम ने क्षेत्र के युवकों को नशे से दूर किया। उन्हें अखाड़ों में पहुंचाया। धीरे-धीरे पूरे इन्दौर में भाजपा की पैठ बनी और शहर का विकास हुआ।
विजयवर्गीय पूर्व पार्षद राजेश जोशी के पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को खड़ा करने के लिए पुराने कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की है। उनसे हमने अंतिम व्यक्ति की सेवा करने के जो संस्कार सीखे है, वे ही हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते है। इस मौके पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मेहनत पर बनाए महलों में रहकर हमें काम करने का मौका मिला है। भाजपा ने हमेशा विकास को महत्व दिया है। राजेश जोशी जैसे नेता कम होते है। वे खुद अपने परिवार के लिए कुछ नहीं कर पाए, लेकिन दूसरों का भला करने के लिए कभी पीछे नहीं हटते थे। कृष्ण मुरारी मोघे ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर है। हमारा कार्यकर्ता निजी स्वार्थों के बजाए समाज की भलाई के लिए काम करता है।
इसके पूर्व भाजपा के दिवंगत नेता स्व. राजेश जोशी की सुभाष नगर स्थित प्रतिमा पर भाजपा नेताओं ने माल्यार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को ट्राइसिकल तथा महिलाओं को सिलाई मशीन का वितरण किया गया। इस मौके पर पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, विधायक रमेश मेंदोला, एमआईसी मेंबर राजेन्द्र राठौर, मुन्नालाल यादव सहित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताबंधुओं तथा स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। संचालन महापौर परिषद सदस्य जीतू यादव ने किया।