रामलला के दर्शन करने उमड़ रहा जनसैलाब…..श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट ने लिया यहां फैसला

अयोध्या,। अयोध्या में भगवान रामलला के दर्शन करने रामभक्तों का बड़ी संख्या में आना जारी है। श्रीरामजन्मभूमि स्थित रामलला के भव्य, दिव्य और नव्य मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा ही हुआ है साथ ही हनुमानगढ़ी मंदिर में भी भक्तों का उमड़ना जारी है। इसके अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु भीषण ठंड के बीच सरयू नदी में भी स्नान और पूजन के लिए पहुँच रहे हैं। वहीं लता मंगेशकर चौक पर रामभक्तों का हुजूम सेल्फी लेने के लिए भी खूब उमड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि गणतंत्र दिवस पर 3.25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने राम मंदिर में दर्शन किए। अधिकारियों के मुताबिक पहले दिन लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन किए थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखकर श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट ने आरती और दर्शन की समय सूची जारी की है। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा के अनुसार रामलला की मंगला आरती साढ़े चार बजे, श्रृंगार आरती सुबह साढ़े छह बजे होगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद श्रद्धालु सात बजे से दर्शन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसके बाद भोग आरती दोपहर बारह बजे, संध्या आरती शाम साढ़े सात बजे तथा रात्रि नौ बजे भोग आरती और शयन आरती रात दस बजे होगी। शर्मा ने बताया कि सुबह मंगला आरती के दौरान मंदिर के कपाट आम दर्शनार्थियों के लिए बंद करने वाले हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने राज्य के प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद और पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार अयोध्या पहुंचे थे। गणतंत्र दिवस के बीच, प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद व महानिदेशक कुमार ने अन्य अधिकारियों के साथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर का भ्रमण किया। प्रसाद ने इस दौरान श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इससे पहले, प्रातः काल भी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया गया था। अधिकारियों के अनुसार सभी श्रद्धालु श्रद्धापूर्वक पंक्तिबद्ध होकर दर्शन कर रहे हैं तथा प्रसाद भी प्राप्त कर रहे हैं।
आशीष दुबे / 27 जनवरी 2024

नई दिल्ली । भारत में शुक्रवार को कोविड-19 के 187 नए मामले सामने आए हैं। जबकि पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में रहने वाले एक शख्‍स की मौत हुई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। एक नई मौत के बाद देश में कोरोना से कुल मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,33,443 हो गई है। इस बीच देश में अब सक्रिय मामलों की कुल संख्या 1,674 है। जबकि पिछले सप्ताह यह संख्या 2,000 से ज्यादा थी।
आईएनएसएसीओजी के अनुसार, भारत में 1,640 मामले कोविड-19 सब-वैरिएंट जेएन.1 के हैं, जिसमें मध्य प्रदेश अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाला सबसे नया राज्य है।
जेएन.1 सब-वैरिएंट ओमिक्रॉन सब-वैरिएंट का वंशज है, जिसे बीए.2.86 या पिरोला के नाम से जाना जाता है। केरल मामले की रिपोर्ट करने वाला पहला राज्य है।
वहीं, 477 मामलों के साथ महाराष्ट्र सबसे आगे है। इसके बाद 249 मामलों के साथ कर्नाटक दूसरे स्थान पर है, जो सब-वैरिएंट प्रसार में क्षेत्रीय भिन्नता को दर्शाता है।
वर्तमान में आंध्र प्रदेश वैरिएंट के 219 मामलों के साथ सबसे आगे है। केरल 156 मामले दर्ज करके सबसे पीछे है, जबकि गुजरात में 127 मामले दर्ज किए गए हैं।
वैरिएंट की रिपोर्ट करने वाले अन्य राज्यों में पश्चिम बंगाल, गोवा और तमिलनाडु भी शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में 96, गोवा में 90 और तमिलनाडु 89 मामले सामने आ चुके हैं। राजस्थान में 38, तेलंगाना में 32, छत्तीसगढ़ में 25 और दिल्ली में 21 मामले दर्ज किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश में 9, हरियाणा में 5, ओडिशा में 3, उत्तराखंड, मणिपुर, मध्य प्रदेश और नागालैंड में एक-एक मामला दर्ज किया गया है।
आशीष दुबे / 27 जनवरी 2024