ब्रह्माकुमारीज संस्थान की मुख्य प्रशासिका बनीं मोहिनी दीदी और मुन्नी दीदी अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका

आबूरोड । ब्रह्माकुमारीज संस्थान में नेतृत्व परिवर्तन की ऐतिहासिक घोषणा कर दी गई है। इसके मुताबिक 84 वर्षीय राजयोगिनी मोहिनी दीदी को संस्थान की छठी मुख्य प्रशासिका नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही राजयोगिनी मुन्नी दीदी को अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह पहली बार है जब ब्रह्माकुमारीज के शीर्ष पदों पर दादियों की बजाय दीदियों की नियुक्ति की गई है, जो संगठन के भीतर एक नई सोच और नवयुग की शुरुआत का संकेत माना जा रहा है। संस्थान की मैनेजमेंट कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित की गई। इसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया, कि मोहिनी दीदी मुख्य प्रशासिका होंगी। मोहिनी दीदी इससे पहले चार वर्षों से अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका के रूप में सेवाएं दे रही थीं और संगठन के कामकाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी सादगी, सेवा भावना और राजयोग के प्रति समर्पण को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह उच्च जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह बदलाव संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी के निधन के बाद किया गया है। ब्रह्माकुमारीज संस्था के अनुयायियों ने इस नए नेतृत्व का स्वागत करते हुए आशा जताई है कि दीदियों का यह युग संगठन को नई दिशा, ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाएगा।