मुंबई । शायना एनसी को शिवसेना पार्टी (शिंदे) का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। इसकी घोषणा एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से की गई है। इस पत्र पर पार्टी सचिव संजय मोरे के हस्ताक्षर हैं। पत्र में लिखा है, आदरणीय हिंदू हृदय सम्राट शिवसेना अध्यक्ष बालासाहेब ठाकरे, धर्मवीर गुरुवर्य आनंद दिघे साहब के आशीर्वाद से और शिवसेना प्रमुख नेता एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथजी शिंदे के आदेशानुसार, शायना एनसी को शिवसेना पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया जा रहा है। शिवसेना पार्टी की ओर से बधाई और शुभकामनाएँ।
आपको बता दें कि शायना एनसी ने फैशन जगत से राजनीतिक जीवन में सक्रिय होकर एक मुकाम हासिल की। शायना एनसी ने 2024 में भाजपा से इस्तीफा देकर शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो गईं। उसके बाद अब पार्टी ने उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी दी है। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया है। यह नियुक्ति उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आदेश पर की गई है। इससे पार्टी की आवाज और बुलंद होगी। शायना एनसी भारतीय जनता पार्टी के चेहरे के रूप में जानी जाती थी। उन्होंने भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता और महाराष्ट्र प्रदेश कोषाध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्हें सक्रिय राजनीति में लाने का श्रेय दिवंगत भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे को जाता है। वह 2004 में भाजपा में शामिल हुई थीं। उन्होंने लगभग 20 वर्षों तक भाजपा को मजबूत करने का काम की। वर्ष 2013 में पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता का पद दिया। उसके बाद उन्होंने कई टीवी डिबेट और सार्वजनिक मंचों पर पार्टी का जोरदार तरीके से पक्ष रखा। विद्वतापूर्ण और संतुलित विश्लेषण उनकी विशेषता है। वह बिना कठोर हुए प्रासंगिक तरीके से अपना पक्ष रखने में कुशल हैं। शालीनता और सटीक शब्दों के साथ, उन्होंने अक्सर पार्टी का बचाव किया। लेकिन 2024 में उन्होंने अचानक भाजपा छोड़ दी।
- फ़ैशन की दुनिया में एक नाम
शायना एनसी ने मुंबई के क्वीन मैरी स्कूल से अपनी शिक्षा पूरी की। उसके बाद, उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया। उन्होंने न्यूयॉर्क के फ़ैशन इंस्टीट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी से फ़ैशन डिज़ाइन में डिप्लोमा किया। उनका विवाह मनीष मुनोत से हुआ है। उन्होंने अपने परिवार के साथ अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन को संतुलित किया है। - कौन हैं शायना एनसी ?
शायना नाना चुडासमा का जन्म 1 दिसंबर 1972 को हुआ था। उनके पिता नाना चुडासमा मुंबई के नगरपाल (शेरिफ़) थे। वह आई लव मुंबई और फोरम अगेंस्ट ड्रग्स एंड एड्स नामक संगठनों के संस्थापक अध्यक्ष थे। शायना एक प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर हैं। कुछ साल पहले, वह राजनीति और सामाजिक कार्यों में सक्रिय हो गईं। शायना एनसी को भारतीय फैशन उद्योग में क्वीन ऑफ ड्रेप्स के रूप में जाना जाता है। दक्षिण मुंबई के अभिजात्य वर्ग में रहने वाली शायना एनसी ने कई वर्षों तक भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कई टीवी डिबेट शो में पार्टी का पक्ष मजबूती से रखा। शायना एनसी दो गैर सरकारी संगठनों आई लव मुंबई और जायंट्स इंटरनेशनल के माध्यम से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने 2024 में शिवसेना (शिंदे) की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन वो चुनाव हार गई। इसके बाद अब उन्हें शिवसेना पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।