राष्ट्रपति ट्रेन से पहुंची वृन्दावन, मथुरा से दिल्ली जाने वाली लोकल ट्रेन चली लेट

-अंडरपास, फ्लाईओवर पर आवागमन बंद, वाहनों की लगी लंबी कतारें
फरीदाबाद । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार सुबह फरीदाबाद स्टेशन से विशेष ट्रेन से वृंदावन रवाना हुईं और दोपहर को वह वापस दिल्ली लौट आएंगी। राष्ट्रपति के दौरे के कारण कुछ देर के लिए ट्रैफिक रोका गया इससे बल्लभगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग, नीलम चौक समेत कई सड़कों पर लंबा जाम लग गया। राष्ट्रपति के दौरे से सड़क यातायात प्रभावित होने के साथ लोकल ट्रेन भी लेट चली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की मूवमेंट के कारण प्लेटफॉर्म एक पर पिछले एक घंटे से मथुरा से दिल्ली जाने वाली लोकल ट्रेन खड़ी रही। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कार्य दिवस होने के चलते कुछ ही मिनट में लंबा जाम लग गया। नीलम चौक से लेकर बादशाह खान चौक और पांच नंबर रेलवे रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस ने नीलम रेलवे पुल पर दोनों तरफ का यातायात बंद कर दिया। इसके साथ ही सभी अंडरपास और फ्लाईओवर पर आवागमन बंद किया गया। साथ ही लोगों को वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही की सलाह दी है।
राष्ट्रपति मुर्मु को वृंदावन आगमन को लेकर बल्लभगढ़ सोना फ्लाईओवर बंद कर दिया। वहां भी जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि कुछ देर में ही ट्रैफिक के लिए मार्ग खोल दिया गया। मथुरा से गाजियाबाद जाने वाली लोकल ट्रेन 64903 को न्यू टाऊन रेलवे स्टेशन पर रोका। वहीं, फरीदाबाद स्टेशन पहुंचने की इसकी टाइमिंग 8:10 बजे है, लेकिन यात्री परेशान हुए। यह ट्रेन 9 बजे स्टेशन से रवाना हुई।