प्रभात किरण ने छठी बार जीती इंदौर मीडिया सीरीज, फाइनल में भास्कर डिजिटल को दी शिकस्त

इंदौर

:: परीक्षित यादव बने मैन ऑफ द सीरीज, विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ मिले 21 हजार रुपये ::
इंदौर । इंदौर प्रेस क्लब के तत्वावधान में आयोजित मीडिया सीरीज सीजन-15 के चार दिवसीय क्रिकेट महाकुंभ का रविवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में प्रभात किरण ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए भास्कर डिजिटल को 67 रनों के भारी अंतर से हराकर छठी बार खिताब पर कब्जा कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के तक्षशिला परिसर में खेले गए खिताबी मुकाबले में प्रभात किरण ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 143 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भास्कर डिजिटल की टीम प्रभात किरण की सटीक गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और महज 76 रनों पर ही सिमट गई। शानदार प्रदर्शन के लिए प्रभात किरण के परीक्षित यादव को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया, जिन्हें उपहार स्वरूप वॉशिंग मशीन प्रदान की गई।
इससे पूर्व हुए पहले सेमीफाइनल में डीबी डिजिटल ने दस्तक को एक कड़े मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। दूसरे सेमीफाइनल में प्रभात किरण ने सिटी न्यूज को आसानी से शिकस्त देकर खिताबी जंग में प्रवेश किया। टूर्नामेंट के समापन पर विजेता टीम को 21 हजार रुपये और उपविजेता को 11 हजार रुपये की नकद राशि के साथ आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई।
प्रेस क्लब अध्यक्ष और टूर्नामेंट के आयोजक दीपक कर्दम ने बताया कि समापन अवसर पर राजनीति, पुलिस प्रशासन और सामाजिक क्षेत्रों की हस्तियों ने शिरकत की। इनमें महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया, भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. दीप्ति सिंह हाड़ा, एसीपी विजय चौधरी और प्रेस क्लब महासचिव प्रदीप जोशी सहित कई गणमान्य नागरिक शामिल थे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों के बीच न केवल फिटनेस बल्कि आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा देते हैं।