निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य; मालवीय नगर से स्टेशन एससी-02 तक परखीं यात्री सुविधाएं ::
इंदौर । इंदौर मेट्रो परियोजना को गति देने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक एस. कृष्ण चैतन्य ने शुक्रवार को परियोजना कार्यों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी पहलुओं और आगामी परिचालन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। चैतन्य ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द सुरक्षित और आधुनिक मेट्रो सेवा का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक ने मालवीय नगर से लेकर स्टेशन एससी-02 तक के खंड का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन परिसर, अप्रोच मार्ग और यात्री सुविधाओं के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। चैतन्य ने निर्माण स्थलों पर फिनिशिंग कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा और संबंधित अधिकारियों को मैनपावर का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए कार्यस्थलों पर उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में प्रबंध संचालक ने अलग-अलग निर्माण पैकेजों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। बैठक में मुख्य रूप से पैकेज आईएन-02, आईएन-03, आईएन-04, आईएन-05 और आईएन-07 की प्रगति पर चर्चा की गई। प्रबंध संचालक ने एलिवेटेड और भूमिगत खंडों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया ताकि तकनीकी अड़चनों को दूर कर काम की गति बढ़ाई जा सके।
:: जल्द शुरू होगा अगले सेक्शन का परिचालन ::
चैतन्य ने अधिकारियों और ठेकेदारों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इंदौर मेट्रो के आगामी सेक्शनों को शीघ्र ही परिचालन के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने सुरक्षा मानकों से समझौता न करते हुए निर्माण कार्य को अंतिम रूप देने की हिदायत दी। समीक्षा के दौरान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियर और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

