जाको राखे साईंया……330 फीट दूर जा गिरीं, फिर भी बच गई जान

अंतरराष्ट्रीय

प्लेन हादसे में फ्लाइट अटेंडेंट के साथ हुआ ‘चमत्कार’
न्यूयॉर्क । न्यूयॉर्क के लागुआर्डिया एयरपोर्ट पर रविवार देर रात हुए विमान हादसे में एक फ्लाइट अटेंडेंट का बचना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है। एयर कनाडा की फ्लाइट में सवार अटेंडेंट सोलांगे ट्रेम्बले हादसे के दौरान अपनी जंप सीट पर सीट बेल्ट से बंधी थीं, फिर भी वह विमान से करीब 330 फीट दूर जा गिरीं—और उनकी जान बच गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में ट्रेम्बले को गंभीर चोटें आई हैं और उनके पैर में कई फ्रैक्चर हुए हैं। उनकी बेटी सारा लेपिन ने बताया कि उन्हें सर्जरी करानी होगी, लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि इतनी भयावह दुर्घटना के बावजूद उनकी जान सुरक्षित है। परिजनों के मुताबिक, रेस्क्यू टीम जब मौके पर पहुंची तो ट्रेम्बले अपनी सीट पर ही बंधी हुई थीं। जाको राखे साईंया मार सके न कोय की तर्ज पर उनकी बेटी ने इसे “चमत्कार” बताते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे किसी अदृश्य शक्ति ने उनकी रक्षा की हो।
यह हादसा उस समय हुआ जब मॉन्ट्रियल से आ रही एयर कनाडा एक्सप्रेस की सीआरजे-900 फ्लाइट रनवे पर उतर रही थी। इसी दौरान विमान की टक्कर एक फायर ट्रक से हो गई, जो रनवे पार कर रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन रनवे पर फिसलते हुए आगे बढ़ गए। इस दुर्घटना में पायलट और को-पायलट की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री और क्रू सदस्य घायल हुए हैं। विमान में कुल 72 यात्री और चार क्रू मेंबर सवार थे।
घटना का पूरा दृश्य सर्विलांस कैमरों में कैद हो गया है, जिसमें टक्कर का भयावह मंजर साफ देखा जा सकता है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फायर ट्रक एक अन्य विमान की जांच के लिए रनवे पर मौजूद था, जहां “अजीब गंध” की शिकायत मिली थी। फिलहाल हादसे की जांच जारी है और अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि रनवे पर इस तरह की टक्कर कैसे हुई।