इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का भूम‍िपूजन 20 जून को; तैयारियों का लिया जायजा

इंदौर

:: सीएम डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर रखेंगे आधारशिला; चन्द्रावतीगंज में जुटेंगे हजारों लोग ::
इंदौर । इंदौर और उज्जैन के बीच आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रस्तावित महत्वाकांक्षी इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का भूमिपूजन अब नजदीक है। आगामी 20 जून को चन्द्रावतीगंज में होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर शामिल होंगे।
आयोजन की तैयारियों को लेकर बुधवार को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और कलेक्टर शिवम वर्मा ने सागर गार्डन पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री सिलावट और कलेक्टर वर्मा ने मंच, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल और विद्युत आपूर्ति सहित तमाम व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा होना चाहिए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने और आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
:: विकास को मिलेगी रफ्तार ::
इंदौर-उज्जैन के बीच बन रहा यह ग्रीनफील्ड कॉरिडोर धार्मिक और औद्योगिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बन जाने से दोनों शहरों के बीच की दूरी तय करने में लगने वाले समय में काफी कमी आएगी, जिसका सीधा लाभ आम यात्रियों के साथ-साथ व्यापारियों और तीर्थयात्रियों को मिलेगा। इस कॉरिडोर के शिलान्यास के बाद क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं भी खुलेंगी।

1 thought on “इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का भूम‍िपूजन 20 जून को; तैयारियों का लिया जायजा

Comments are closed.