इन्दौर आमजन को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मप्र पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे सेफ क्लिक साइबर जागरूकता अभियान के तहत इंदौर जिला ग्रामीण के बेटमा थाना क्षेत्र में बेटमा थाना प्रभारी मीना कर्णावत के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसमें पुलिस टीम ने बाजार, सार्वजनिक स्थानों, शैक्षणिक संस्थानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं, सोशल मीडिया हैकिंग तथा बैंकिंग फ्रॉड से बचने के उपाय बताए। थाना प्रभारी ने लोगों को बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है, तो वह बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को रोका जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी, सीवीवी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश से सावधान रहें। इस दौरान पंपलेट वितरित कर भी लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक कर उनसे अपने परिवार और परिचितों को भी साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा करने की अपील की।

