प्रधानमंत्री मोदी ने युवा राजनयिकों से कहा- दुनिया के साथ भारत के आर्थिक संबंधों को और मजबूत करें

ताज़ा खबर देश-विदेश

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवा भारतीय राजनयिकों से दुनिया के साथ भारत के आर्थिक जुड़ाव को और मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री ने सोमवार को सेवा तीर्थ में भारतीय विदेश सेवा के 2025 बैच के 50 अधिकारी प्रशिक्षुओं से मुलाकात की। ये अधिकारी देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विदेशों में तैनात भारतीय राजनयिकों को केवल सरकारों और संस्थानों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्थानीय समुदायों के साथ जमीनी स्तर पर भी मजबूत संबंध बनाने चाहिए। उन्होंने राजनयिकों से अपने पारंपरिक संपर्कों का दायरा बढ़ाकर आम लोगों के साथ संवाद मजबूत करने को कहा।
प्रधानमंत्री ने भारत की सभ्यतागत ताकत को प्रौद्योगिकी, नवाचार और प्रभावी संचार के साथ जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने भारतीय मिशनों की डिजिटल मौजूदगी को और मजबूत करने की जरूरत बताई। प्रधानमंत्री के अनुसार, किसी संस्थान की वेबसाइट अक्सर लोगों के लिए संपर्क का पहला माध्यम होती है, इसलिए तकनीक के जरिए वाणिज्य दूतावास और अन्य सेवाओं को अधिक सरल, तेज और नागरिक-केंद्रित बनाया जाना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने युवा राजनयिकों से भारत को वैश्विक पर्यटन का आकर्षक केंद्र बनाने के लिए देश की सांस्कृतिक, सभ्यतागत और भौगोलिक विविधता को दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने ‘भारत को जानिए’ प्रश्नोत्तरी को दुनिया के युवाओं के बीच भारत के प्रति रुचि बढ़ाने का माध्यम बनाने और इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा गेमिंग जैसी तकनीकों के इस्तेमाल का सुझाव भी दिया।