छात्रा ने लगाई फांसी, मौत

इंदौर

इन्दौर | अज्ञात कारणों के चलते एक कॉलेज छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह घर पर अकेली थी। घटना के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार मृतका का नाम निकिता पिता शिवनारायण मालवीय उम्र बीस साल निवासी मोरोद गांव है। उसके पिता हम्माली करते हैं वहीं मां एक हॉस्टल में काम करती हैं। परिवार में निकिता की बड़ी बहन मुस्कान भी है। घटना का पता तब चला जब जब मां और बड़ी बहन घर वापस लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने काफी आवाज लगाई लेकिन जब फिर भी दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा किसी तरह खोला तो अंदर निकिता फंदे पर लटकी मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि निकिता आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज में सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी तथा निजी कंप्यूटर क्लास भी जाती थी। निकिता पढ़ाई में अच्छी थी और उसे किसी तरह की परेशानी होने की जानकारी परिवार को नहीं थी। परिवार ने किसी प्रेम संबंध से भी इनकार किया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए निकिता के मोबाइल की भी जांच शुरू कर दी है।