गीत और जिंद मेरी के साथ चार ट्रैक हुए शामिल; मुंबई में संगीत और कला कार्यक्रम आयोजित, 50 से अधिक कलाकारों ने बनाए म्यूरल
मुम्बई/इंदौर । पंजाबी गायक एवं गीतकार तलविंदर ने अपनी चार गानों वाली ईपी पेंटेड फीलिंग्स को दो नए ट्रैक गीत और जिंद मेरी के साथ पूरा कर दिया है। इससे पहले ईपी के अस्से पस्से और किडजेवेस्ट के साथ मंगदा वापिस क्यों रिलीज हो चुके हैं। नए गानों के साथ गीत का म्यूजिक वीडियो भी जारी किया गया है, जिसमें तलविंदर काउबॉय लुक में नजर आ रहे हैं।
ईपी की रिलीज पूरी होने के मौके पर मुंबई में विशेष संगीत एवं कला कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 50 से अधिक कलाकारों ने हिस्सा लेकर कैनवस पर म्यूरल बनाए और चारों गानों से जुड़ी भावनाओं को अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के जरिए प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में तलविंदर ने लाइव प्रस्तुति दी। उनके साथ एनडीएस और किडजेवेस्ट ने भी परफॉर्म किया।
:: राइटर्स ब्लॉक से प्रेरित है गीत ::
ईपी का नया गाना गीत राइटर्स ब्लॉक यानी लिखने के दौरान विचारों की कमी के अनुभव से प्रेरित है। तलविंदर के मुताबिक, एक साथी संगीतकार के साथ इस विषय पर हुई बातचीत ने उन्हें गाना लिखने का विचार दिया। उन्होंने कहा कि वह राइटर्स ब्लॉक में विश्वास नहीं करते और कभी-कभी यह तय नहीं कर पाना कि क्या लिखना है, अपने आप में एक नई रचना की शुरुआत हो सकता है।
:: एकतरफा प्यार की कहानी है जिंद मेरी ::
दूसरा नया ट्रैक जिंद मेरी एक महिला के नजरिए से एकतरफा प्यार और अधूरी चाहत की कहानी कहता है। इसमें ऐसे रिश्ते की भावनाओं को दर्शाया गया है, जिसमें एक व्यक्ति उन उम्मीदों और यादों से जुड़ा रहता है, जबकि सामने वाला वैसा महसूस नहीं करता। तलविंदर ने इस गाने की रचना 2025 के हैलोवीन टूर के दौरान लुधियाना में प्रस्तुति देने के अगले दिन चंडीगढ़ के एक स्टूडियो में की थी।
:: संगीत और कला के जरिए भावनाओं की अभिव्यक्ति ::
तलविंदर ने कहा कि पेंटेड फीलिंग्स के जरिए उनका उद्देश्य ऐसा संगीत तैयार करना था, जिससे श्रोता गानों से व्यक्तिगत स्तर पर जुड़ सकें। वह चाहते हैं कि लोग समय के साथ इन रचनाओं में नए अर्थ तलाशें और लंबे समय तक उनसे जुड़े रहें। उनके अनुसार, मुंबई में आयोजित कार्यक्रम इसी सोच का विस्तार था, जहां कलाकारों ने संगीत से प्रेरित भावनाओं को चित्रों के माध्यम से व्यक्त किया।
ईपी के चारों ट्रैक रिश्तों और भावनाओं के अलग-अलग पहलुओं को सामने लाते हैं। अस्से पस्से में लोगों के जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव, मंगदा वापिस क्यों में रिश्तों को दूसरा मौका देने की जटिलता, गीत में रचनात्मकता और जिंद मेरी में एकतरफा प्यार की पीड़ा को अभिव्यक्त किया गया है। एम्बिएंट-पॉप शैली और भावनात्मक गीत लेखन के लिए पहचाने जाने वाले तलविंदर की ईपी पेंटेड फीलिंग्स अब रिलीज हो चुकी है।

