:: राष्ट्रीय मिर्गी दिवस पर गीता भवन में जागरूकता शिविर; विशेषज्ञों ने मरीजों और परिजनों को दौरे के दौरान बचाव और जरूरी सावधानियों का दिया प्रशिक्षण ::
इंदौर । मिर्गी के दौरे पड़ने पर मरीज की सुरक्षा और समय पर चिकित्सा सहायता बेहद जरूरी है। बीमारी को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और मरीजों को जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय मिर्गी दिवस पर गीता भवन हॉस्पिटल परिसर में शिविर आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञों ने मरीजों और उनके परिजनों को दौरे के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, आपात स्थिति से निपटने के उपायों और उपचार के विकल्पों की जानकारी दी। गर्भवती महिलाओं में मिर्गी के दौरों से बचाव को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया।
इंदौर एपिलेप्सी एसोसिएशन की विशेषज्ञ समिति के तत्वावधान में आयोजित शिविर में गीता भवन ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष मनोहर बाहेती मुख्य अतिथि थे। वरिष्ठ न्यूरोफिजिशियन डॉ. वीवी नाडकर्णी के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन शामिल हुए।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. बसंत डाकवाले ने मिर्गी के दौरे अनियंत्रित होने की स्थिति में सर्जरी के विकल्प पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ मरीजों में दवाइयों से दौरे नियंत्रित नहीं होने पर सर्जरी पर विचार किया जा सकता है।
एमजीएम मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहायक प्राध्यापक एवं न्यूरोफिजिशियन डॉ. राजा गुलफाम ने प्रोजेक्टर पर स्लाइड शो के माध्यम से मिर्गी की रोकथाम, दौरे के दौरान बचाव और आपात स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी। उन्होंने मरीजों के सवालों के जवाब देकर बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों का भी समाधान किया।
डॉ. जयमाला शाह ने नियमित व्यायाम, योग और प्राणायाम के महत्व के बारे में बताया। वहीं डॉ. गरिमा ऐरन ने लाफ्टर एक्सरसाइज के जरिए मरीजों, डॉक्टरों और अन्य उपस्थित लोगों को हंसी का अभ्यास कराया। शिविर में डॉ. वीवी नाडकर्णी और डॉ. कुचोरिया ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां भी दीं। अंत में नीलम रानाडे ने आभार माना।

