गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या स्टार प्लस के नए शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ में पहली बार साथ नजर आएँगे। इस जोड़ी को लेकर दर्शकों के बीच पहले से चर्चा है। अब निर्माता एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में बताया कि शो की कहानी किस सवाल से शुरू हुई। क्या दो लोग अपनी शादी में खुश रहते हुए भी ज़िंदगी से अलग-अलग चीज़ें चाह सकते हैं? बालाजी टेलीफिल्म्स का यह रोमांटिक फैमिली ड्रामा 24 नवंबर से रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा।शो में श्रद्धा आर्या जानकी और गौरव खन्ना मानव की भूमिका में हैं। जानकी को मानव के साथ बिताए रोज़मर्रा के छोटे-छोटे पलों में खुशी मिलती है। उसके लिए दोनों ने मिलकर जो ज़िंदगी बनाई है, वही ‘काफी’ है। वहीं, उम्र के इस पड़ाव पर मानव के मन में कुछ ‘काश’ बाकी हैं। वह सोचता है कि अब वह अपने लिए क्या करना चाहता है। जानी-पहचानी परिस्थितियों और सहज बातचीत के माध्यम से शो दर्शाता है कि बरसों साथ रहने के बाद भी दो लोग अपने आने वाले कल को कितने अलग ढंग से देख सकते हैं।

