दुमका 12 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अप्रत्यक्ष रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सुप्रीमो शिबू सोरेन पर कटाक्ष करते हुये कहा कि झामुमो अब बूढ़ा मोर्चा हो गया है, जो न चल सकता है, न बोल सकता है, इसे जबरन चलाया जाता है।
श्री दास ने यहां अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करते हुये कहा, “झामुमो अब बूढ़ा मोर्चा हो गया है, जो न चल सकता है, न बोल सकता है, इसे जबरन चलाया जाता है। आपने आदरणीय शिबू सोरेन जी को बहुत सम्मान दिया लेकिन उस सम्मान की रक्षा गुरूजी ने नहीं की। आपने 40 साल तक गुरूजी को इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेवारी सौंपी।
भाजपा नेता ने कहा कि अलग झारखंड राज्य गठन के बाद बाप-बेटा (शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन) दोनों झारखंड के मुख्यमंत्री बनें लेकिन उन्होंने संथालपरगना के विकास, भाषा-संस्कृति की रक्षा और आदिवासियों के लिए कुछ भी नहीं किया, केवल दुष्प्रचार कर गरीब आदिवासियों के सहारे मतपेटी भरते रहे।