महिला की संदिग्धावस्था में मौत, हत्या या आत्महत्या पुलिस कर रही जांच

इन्दौर | मजदूरी का काम करने वाली एक महिला का शव उसके कमरे में संदिग्धावस्था में उस समय मिला जब देर रात एक बजे उसका बेटा दोस्तों से मिलने के बाद घर पहुंचा तो देखा उसकी मां जमीन पर पड़ी थी। बेटे को लगा मां सोते हुए गिर गई होगी। उसने उठाकर बिस्तर पर लेटा दिया। शरीर में हलचल नहीं होने पर कुछ देर बाद बहन को कॉल कर जानकारी दी। बताया जा रहा है कि मृतका के गले में कपड़े का फंदा था। जिससे आत्महत्या की भी शंका जाहिर की जा रही है। मामला आजाद नगर थाना क्षेत्र के मूसाखेड़ी का है। आजाद नगर थाना पुलिस के अनुसार मृत महिला का नाम लीलाबाई पति कमल चौहान है। रात दो बजे परिजन एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों के अनुसार लीलाबाई मजदूरी का काम करती थी और बेटा नितिन नौकरी करता है। रात में नितिन काम से आया और दोस्तों के साथ चला गया था। फिर वह रात 1 बजे घर लौटा था। देखा तो मां कमरे में पड़ी थी। गले में कपड़ा लपटा हुआ था। उसे लगा मां पलंग से गिर गई होगी। जिस पर उसने उसे उठाया और बिस्तर पर लेटा दिया। पानी के लिए पूछा। जबाव नहीं मिला तो हिलाना-ढुलाना शुरू किया। शंका होने पर रात 2 बजे बहन पूजा को फोन कर बुलाया और आजाद नगर थाने पर भी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मां को एमवाय पहुंचाया था। पुलिस के अनुसार कमरे में कांच के टुकड़े और टूटी चूड़ियां मिली है। जिसके चलते महिला की मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है। फिलहाल पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों और पड़ोसियों के बयान ले कार्रवाई कर रही है।